Gujarat Titans biggest victory in IPL: गुजरात टाइटंस ने शनिवार रात जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स को 77 रनों से हराते हुए आईपीएल में इतिहास रच दिया। ये उसकी अब तक की सबसे बड़ी जीत है।
Gujarat Titans biggest victory in IPL: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में 52वां मुकाबला शनिवार रात जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 229 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम 16.3 ओवर में महज 152 रनों पर सिमट गई और जीटी ने 77 रनों से जीत दर्ज की। गुजरात टाइटंस की आईपीएल के इतिहास में रनों के अंतर से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज है।
जीटी के लिए जीत का सबसे बड़ा अंतर (रनों के हिसाब से)
77 बनाम राजस्थान रॉयल्स, जयपुर, 2026*
62 बनाम मुंबई इंडियंस, अहमदाबाद, 2023 (क्वालीफायर-2)
62 बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, पुणे, 2022
58 बनाम राजस्थान रॉयल्स, अहमदाबाद, 2025
56 बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, अहमदाबाद, 2023
55 बनाम मुंबई इंडियंस, अहमदाबाद, 2023
IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे बड़ी हार (रनों के हिसाब से)
112 बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, जयपुर, 2023
100 बनाम मुंबई इंडियंस, जयपुर, 2025
86 बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, शारजाह, 2021
77 बनाम गुजरात टाइटंस, जयपुर, 2026*
75 बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, केप टाउन, 2009
जयपुर में राजस्थान रॉयल्स की 8 में से 7वीं हार
बता दें कि राजस्थान रॉयल्स ने 2025 के बाद से जयपुर में अपने 8 में से 7 मैच हारे हैं। वहीं, गुजरात टाइटंस ने अब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 10 में से 7 मैच जीते हैं, जिसमें जयपुर में खेले गए चार मैचों में से 3 जीत शामिल हैं।
एक नजर मैच पर
सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस ने साईं सुदर्शन (55) और कप्तान शुभमन गिल (84) की शानदार पारियों के साथ निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 229 रन बनाए। इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स 16.3 ओवरों में महज 152 रन पर सिमट गई। इस पारी में रवींद्र जडेजा ने सर्वाधिक 38 रन बनाए, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 36 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। टाइटंस की तरफ से राशिद खान ने 33 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए।
टॉप-4 से बाहर हुई राजस्थान रॉयल्स
गुजरात टाइटंस इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। जीटी ने 11 में से 7 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि हार के बाद राजस्थान रॉयल्स पांचवें पायदान पर खिसक गई है। रॉयल्स ने 11 में से 5 मैच गंवा दिए हैं।
Sports – Patrika | CMS


