उदयपुर में ​कांग्रेस का नगर निगम में धरना, प्रदर्शन:कहा – हार के डर से चुनाव टाल रही बीजेपी सरकार, विकास के नाम पर चल रहा घोटालो का खेल

उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने आज नगर निगम परिसर में जमकर प्रदर्शन किया। शहर की बिगड़ती हालत और निगम में फैले कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेराव करते हुए धरना दिया। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं ने सीधे तौर पर भाजपा बोर्ड को आड़े हाथों लिया और आरोप लगाया कि शहर अब गड्ढों और गंदगी का केंद्र बन चुका है। कांग्रेस के निवर्तमान पार्षदों और पूर्व पार्षदों ने निगम की कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उदयपुर की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। शहर की सड़कें पूरी तरह टूट चुकी हैं, जिससे वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। केवल नए वार्ड ही नहीं बल्कि पुराने शहर की गलियों में भी गंदगी के ढेर लगे हैं। सीवरेज की समस्या इतनी गंभीर हो गई है कि नालियां जाम हैं और सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है। पर्यटन नगरी होने के बावजूद यहां आने वाले पर्यटकों को बदहाली का सामना करना पड़ रहा है। विकास और लाइटों के नाम पर घोटाले का आरोप
पदाधिकारियों ने कहा कि आयड़ नदी के सौंदर्यीकरण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर विधायक ताराचंद जैन द्वारा विकास की बड़ी-बड़ी बातें तो की जा रही हैं, लेकिन असलियत में वहां घोटालों का खेल चल रहा है। शहर की स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात में अंधेरा रहता है, लेकिन प्रशासन सुनने को तैयार नहीं है। सबसे बड़ा मुद्दा 272 प्लॉट घोटाले का उठा था, जिसमें आरोप लगाया गया कि जांच को आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा है और बड़े नेताओं को बचाने की कोशिश हो रही है। चुनाव टालने पर सरकार को घेरा
शहर जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि भाजपा के बोर्ड में नगर निगम पूरी तरह फेल साबित हुआ है। लोग बदबू और गंदगी के बीच जीने को मजबूर हैं। राठौड़ ने सवाल उठाया कि आखिर सरकार निगम चुनाव को क्यों टाल रही है? उन्होंने चेतावनी दी कि अब कांग्रेस जनता के हक के लिए निर्णायक संघर्ष करेगी। राठौड़ का कहना है कि अगर जल्द ही व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, पंकज शर्मा, दरियाव सिंह चुंडावत, जगदीशराज श्रीमाली समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए। धरने में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और NSUI के कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *