प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने लाला बाजार गांव निवासी सालिया बानो की शिकायत पर उसके पति समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सालिया बानो ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह 30 अक्टूबर 2022 को रायबरेली के सलोन थाना क्षेत्र स्थित पूरे राम प्रसाद खतियारा गांव निवासी इरशाद अहमद से हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता के अनुसार, ससुरालवालों ने उससे पांच लाख रुपये नकद और एक कार की मांग की। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उसका मोबाइल फोन छीनकर सिम तोड़ दी गई और उसे खाने-पीने से भी वंचित रखा गया। सालिया बानो ने आरोप लगाया कि 25 अक्टूबर 2023 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके जेवर, कपड़े और अन्य सामान छीनकर उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति इरशाद अहमद, ससुर मोहम्मद शरीफ, सास नसीरुननिशा, जेठ मोहम्मद अशफाक, मानू उर्फ नौशाद, देवर मंचा उर्फ सलीम, मोहम्मद अल्ताफ, मोहम्मद असर तथा जेठानी उजमा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


