राजस्थान में अचानक मौसम का यू-टर्न : कई जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट, तेज आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

राजस्थान में अचानक मौसम का यू-टर्न : कई जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट, तेज आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने प्रदेश के कई जिलों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी की है। जारी अलर्ट के अनुसार अगले दो घंटे के दौरान राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी, वज्रपात बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

यह वीडियो भी देखें

यहां ऑरेंज अलर्ट जारी

विभाग ने राजसमंद, पाली, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर और डूंगरपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

वहीं जालोर, बाड़मेर, झालावाड़, बारां, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और चित्तौड़गढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और मेघगर्जन की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर ढांचे को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और कच्चे ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

सुमेरपुर में झमाझम बारिश

वहीं दूसरी तरफ पाली के सुमेरपुर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार शाम करीब 4 बजे मौसम ने करवट ली। देखते ही देखते तेज आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे पिछले चार दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। शुरुआत में करीब आधे घंटे तक तेज आंधी चलती रही, इसके बाद आंधी के साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम के कारण सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

शहर के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था भी बाधित हो गई। सुमेरपुर, तखतगढ़ सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का दौर जारी है। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर लगे होर्डिंग्स, पेड़ भी धराशायी हुए। बारिश के कारण कई जगहों पर पानी का तेज बहाव देखने को मिला, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई और सड़कों पर कीचड़ फैल गया। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *