डॉ.अम्बेडकर अनुसूचित जाति कर्मचारी अधिकारी एसोसिएशन टोंक के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी और उसके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग सीएम से की है। इसके लिए मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में बताया कि 30 अप्रैल को श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी अपने समर्थकों के साथ आरयूआईडीपी के एईएन जगन लाल बैरवा, प्रोजेक्ट मैनेजर शहनवाज हुसैन, एलएंडटी कंपनी के इंजीनियर सोहम परमार को सुनियोजित तरीके से विधायक सेवा केंद्र में मीटिंग के बहाने बुलाकर बंधक बना लिया। इनके साथ अभद्रता की गई। मारपीट की गई। ऐसे में विधायक और उसके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उनके खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करके निष्पक्ष जांच कराई जाएं। साथ ही आरोप लगाया कि अपने कृत्य को छिपाने के आशय से तीनों अधिकारियों को पुलिस बुलवा करके शांति भंग में गिरफ्तार करा दिया। इतना ही नहीं उपखण्ड अधिकारी पर दबाव डालकर तीनों को जेल भेज दिया गया। जिनकी अगले दिन एक 1 मई को जमानत होने पर पीड़ित अधिकारियों ने मुकदमा दर्ज करने के लिए रिपोर्ट दी, लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। अम्बेडकर सोसाइटी अध्यक्ष शिवराज बैरवा ने बताया कि विधायक समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आगे सभी से राय मशविरा करके आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी और पीड़ित अधिकारियों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष किया जाएगा।


