सोनीपत नगर निगम चुनाव के बीच सियासत अपने चरम पर पहुंच गई है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर जोरदार हमला बोलते हुए भ्रष्टाचार, सफाई व्यवस्था, सीवेज और सड़कों की बदहाली को बड़ा मुद्दा बनाया।
जनसभाओं के माध्यम से उन्होंने न सिर्फ भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया, बल्कि मेयर प्रत्याशी कमल दिवान के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करते हुए कांग्रेस की जीत पर भ्रष्टाचार मुक्त शासन का भरोसा दिलाया। “नगर निगम बन चुका है भ्रष्टाचार का अड्डा”
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज नगर निगम पूरी तरह भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया है और शहर का विकास ठप हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल कागजों में योजनाएं बनाती है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है। सफाई, सीवरेज और सड़कों की बदहाली पर घेरा
विभिन्न वार्डों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, सीवेज सिस्टम जाम है और सड़कों की हालत बेहद खराब है। उन्होंने नगर निगम के बजट और कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इसे जनता के हितों के बजाय भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन उन्हें पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। आम आदमी के छोटे-छोटे काम भी नहीं हो पा रहे, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। कमल दिवान के समर्थन में मांगे वोट
सांसद हुड्डा ने मेयर प्रत्याशी कमल दिवान के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा कि उन्होंने हार के बावजूद पिछले एक साल में लगातार जनता के बीच रहकर मेहनत की है। उन्होंने दावा किया कि कमल दिवान जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे उतरेंगे। “जनता ने बना लिया है बदलाव का मन”
हुड्डा ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी कमल दिवान ने जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया है, जिसके चलते अब जनता उन्हें फिर से मौका देने का मन बना चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस की जीत के साथ ही शहर को पारदर्शी और जवाबदेह शासन मिलेगा। कांग्रेस की जीत पर भ्रष्टाचार मुक्त शासन का दावा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर नगर निगम में फैले भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और शहर को व्यवस्थित, साफ-सुथरा और विकासशील बनाया जाएगा।
इस दौरान कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक गीता भूगोल (झज्जर), विधायक बलवान दौलतपुरिया (फतेहाबाद), विधायक इंदुराज नरवाल, विधायक चंद्रप्रकाश (आदमपुर), जिला अध्यक्ष ग्रामीण संजीव दहिया, पूर्व विधायक सुरेंद्र पवार, सुखबीर फरमाना, जयवीर वाल्मीकि, पदम सिंह दहिया, जगबीर मलिक सहित अन्य प्रमुख कार्यकर्ता शामिल रहे।


