बस्ती के नगर थाना क्षेत्र स्थित फुटहिया चौराहे पर सोमवार को एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक होटल में भोजन करने के बाद पैदल अपने घर लौट रहा था। सड़क पार करते समय एक तेज गति से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि व्यक्ति मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान बलरामपुर जनपद के ललिया थाना क्षेत्र के कोड़री निवासी 40 वर्षीय जगदीश के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। चौकी इंचार्ज आनंद सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और उसे चौकी पर खड़ा कराया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।


