अमेरिका-ईरान युद्ध में नया मोड़! अब यूरोप पर ट्रंप की सख्ती

अमेरिका-ईरान युद्ध में नया मोड़! अब यूरोप पर ट्रंप की सख्ती

US Military Europe Update: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत से ही यूरोप पर सख्त रुख अपनाए हुए थे। उन्होंने पहले यूक्रेन की मदद से अपने हाथ खींचे फिर ग्रीनलैंड पर कब्जे का राग अलापने लगे,जिससे यूरोपीय देशों के साथ उनके संबंध और बिगड़े।

वहीं ईरान युद्ध में जब अमेरिका को नाटो देशों का कोई सहयोग नहीं मिला तो ट्रंप भड़क उठे। इस दौरान यूरोपीय देशों खासकर यूके, फ्रांस, स्पेन, जर्मनी के प्रमुखों ने खुद को युद्ध से दूर रखने का साफ संदेश दिया। इन सबके बाद अब अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने जर्मनी से अपने 5000 सैनिकों को कम करने का निर्णय लिया है। अभी जर्मनी के अलग अलग बेसों पर 34,547 हजार अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। रक्षा मामलों के जानकार अमेरिका के इस कदम को नाटो के लिए बड़ा झटका मान रहे हैं। पेंटागन का यह निर्णय हाल में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की ओर से की गई अमेरिकी नीतियों की आलोचना के बाद आया है।

अमेरिका के बाहर सबसे बड़ा सैन्य ठिकाना

जर्मनी में स्थित रामस्टीन एयरबेस अमेरिका के लिए यूरोप और पश्चिम एशिया के साथ ही अफ्रीका के ऑपरेशंस का केंद्र है। इसे अमेरिका के बाद यूएस फोर्सेस का सबसे बड़ा बेस माना जाता है। यूरोप और अफ्रीका कमांड का मुख्यालय यहीं स्थित है। रणनीतिक तौर पर लिए गए इस निर्णय के जरिए नाटो को सीधा संदेश दिया गया है कि यूरोप को अपनी सुरक्षा खुद संभालनी होगी।

ट्रंप डॉक्ट्रिन की वापसी

दरअसल ट्रंप के पहले कार्यकाल में ही उनका रुख यूरोप से अपनी सेना का हटाने का रहा था। अब ‘मागा’ के तहत अमेरिका फर्स्ट को प्राथमिकता देते हुए ट्रंप प्रशासन अपने संसाधनों को यूरोप से कम करता चाहता है। इसका एक संदेश यह भी है कि यूरोप अब अमरीका की प्राथमिकता सूची में नीचे आ गया है। वर्तमान समय में 42 यूरोपीय देशों में अमेरिका के 65 हजार से ज्यादा सैनिक तैनात हैं। जर्मनी के बाद इटली से भी अमेरिका अपने सैनिकों की तैनाती को कम कर सकता है।

यूरोप में कितने अमेरिकी सैन्य बेस

बेस का प्रकार संख्या
आर्मी बेस 13
नेवल बेस 2
एयर बेस 5
ज्वाइंट बेस 8

यूरोप के किन देशों में कितने अमरीकी सैनिक तैनात

देश सैनिकों की संख्या
जर्मनी 34,547
इटली 12,332
ब्रिटेन 10,046
स्पेन 3,627
तुर्किये 1,713
बेल्जियम 1,060
नीदरलैंड्स 416
ग्रीस 415
पोलैंड 329
पुर्तगाल 224
रोमानिया 147
फ्रांस 80

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *