Kanpur News:शादी की खुशियां मातम में बदलीं, कार्ड बांटकर लौट रहे युवक को कार ने कुचला, मौत

Kanpur News:शादी की खुशियां मातम में बदलीं, कार्ड बांटकर लौट रहे युवक को कार ने कुचला, मौत

कानपुर के घाटमपुर में तेजपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने शादी वाले घर का माहौल गमगीन कर दिया। बड़े भाई की शादी के कार्ड बांटकर बाइक से लौट रहे 23 वर्षीय अजय सैनी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी और कुचलते हुए फरार हो गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घर में चल रही शादी की तैयारियों पर मातम पसर गया।

घटना घाटमपुर थाना क्षेत्र के तेजपुर गांव की है। मृतक अजय सैनी के पिता शिवराम ने बताया कि अजय के बड़े भाई की शादी पांच मई को तय है। मंगलवार को अजय रिश्तेदारियों में शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने गया था। दोपहर करीब 3 बजे वह बाइक से वापस गांव लौट रहा था।

पंचायत भवन के पास हुआ हादसा

जैसे ही अजय गांव के अंदर पंचायत भवन के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार काले रंग की कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अजय बाइक समेत सड़क पर गिर गया और कार उसे कुचलते हुए निकल गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार अजय ने हेलमेट नहीं लगाया था।

कार चालक मौके से फरार, ग्रामीणों का हंगामा

हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से भाग निकला। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने जब अजय को खून से लथपथ देखा तो घर में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि फरार कार को जल्द पकड़ा जाए और हादसे वाली जगह पर स्पीड ब्रेकर बनवाया जाए। ग्रामीणों का कहना था कि गांव के अंदर वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे पहले भी हादसे हो चुके हैं।

पुलिस के आश्वासन पर खुला जाम

सूचना पर घाटमपुर पुलिस और नंदना चौकी इंचार्ज बादाम सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर कार्रवाई का भरोसा दिया। करीब एक घंटे बाद जाम खोला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्या बोली पुलिस

नंदना चौकी इंचार्ज बादाम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। काले रंग की कार की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

घर में पसरा मातम

अजय तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से मां बेसुध हो गईं। बड़े भाई की पांच मई को बारात जानी थी, लेकिन अब घर में शादी की जगह मातमी सन्नाटा है। गांव में भी हादसे को लेकर गुस्सा और गम का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *