उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, रविंद्र जायसवाल ने सर्किट हाउस सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में जनपद की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। मंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा बताई गई समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल समस्या पर गंभीरता दिखाते हुए कहा कि जनपद में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में खराब हैंडपंपों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाए, साथ ही नगर पालिका और अन्य क्षेत्रों में वाटर कूलर लगाने की व्यवस्था की जाए।
मंत्री ने गेहूं खरीद केंद्रों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से गेहूं की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। बैठक में माननीय विधायक सदर भूपेश चौबे, माननीय विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य, जिलाधिकारी चर्चित गोंड, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय कार्यों में तेजी लाने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।


