हाथरस में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर सासनी के निकट एक मैक्स पिकअप गाड़ी के चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बुलंदशहर के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव अमीनगर चंदेरू निवासी 40 वर्षीय संजय पुत्र गुलाब सिंह के रूप में हुई है। यह घटना आज रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचित किया गया। संजय का शव सड़क किनारे पड़ा मिला, जबकि उसकी मैक्स पिकअप गाड़ी भी वहीं खड़ी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार, संजय सिकंदराबाद से दवा लेकर आगरा की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि उसने अपनी मौत से पहले किसी परिचित को फोन कर छाती में तेज दर्द होने की शिकायत की थी। परिचित ने यह सूचना संजय के परिवार को दी। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजे जाने के बाद परिवार के सदस्य भी वहां पहुंच गए। परिवारजनों का कहना है कि संजय की मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। उसने अपने पीछे अन्य परिजनों के अलावा दो संतानों को छोड़ा है।


