धार शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शनिवार को भीषण गर्मी का प्रकोप देखा गया। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। सुबह 8 बजे से ही तेज धूप और गर्मी महसूस होने लगी, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। तेज धूप और लू के कारण लोग घरों में ही रहे। शहर के प्रमुख बाजार, चौपाटी और मुख्य मार्ग, जहां सामान्य दिनों में भीड़ रहती है, शनिवार को सुबह से दोपहर तक सूने रहे। सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग ही दिखाई दिए, जो गर्मी से बचाव के लिए सिर और चेहरे को कपड़े से ढंके हुए थे। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग बर्फ, गन्ने के रस और ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर पहुंचे। इन दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी गईं। वहीं, सब्जी बेचने वाली महिलाएं तेज धूप में छतरी और कपड़े का सहारा लेकर बैठी रहीं, लेकिन ग्राहकों की संख्या काफी कम रही। स्थानीय कपड़ा व्यापारी केतन वर्मा ने बताया कि इस साल की गर्मी ने पिछले कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि लोग घरों से बाहर नहीं निकलना चाहते, जिससे बाजारों में ग्राहक नहीं आ रहे और व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई है।


