बरेली। इज्जतनगर इलाके में रविवार को पुलिस ने नशे के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। पीलीभीत रोड पर पचौरी पेट्रोल पंप के पास हाईवे किनारे कंटेनर से गांजा उतारकर ई-रिक्शा में भरने की तैयारी चल रही थी। सब कुछ चुपचाप, सुनसान जगह पर हो रहा था, ताकि किसी को भनक न लगे। लेकिन पुलिस की नजर पड़ते ही पूरा खेल उजागर हो गया। जैसे ही आरोपी कंटेनर से पैकेट निकालकर ई-रिक्शा में शिफ्ट करने लगे, पुलिस ने दबिश दे दी। तीनों तस्कर भागने की कोशिश भी नहीं कर पाए और मौके पर ही दबोच लिए गए। कार्रवाई इतनी सटीक थी कि कोई भी आरोपी बच नहीं सका।
कट्टों में छुपा था नशे का जखीरा
तलाशी के दौरान पुलिस के भी होश उड़ गए। तीन सफेद प्लास्टिक के कट्टों में पैक 18 बंडलों में करीब 92.224 किलो गांजा भरा मिला। यह खेप इतनी बड़ी थी कि इससे शहर और आसपास के कई जिलों में सप्लाई की जानी थी। पुलिस ने तुरंत गांजा, कंटेनर और ई-रिक्शा कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गांजा ओडिशा के कटक से कंटेनर के जरिए लाया जाता था। बरेली में इसे छोटे-छोटे पैकेट में बांटकर अलग-अलग सप्लायरों तक पहुंचाया जाता था। यानी शहर को नशे का बड़ा डिस्ट्रिब्यूशन सेंटर बनाने की साजिश चल रही थी।
स्थानीय सप्लायर्स के नाम उगले, नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी
गिरफ्तार तस्करों ने बरेली और रामपुर के कई खरीदारों और सप्लायर्स के नाम भी बताए हैं। पुलिस अब इन ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद पूरे नेटवर्क की कड़ियां तेजी से खुलेंगी और बड़े खिलाड़ियों तक पहुंच बनाई जाएगी। इज्जतनगर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है, आने वाले दिनों में ऐसे गिरोहों पर और बड़ी कार्रवाई होगी।


