लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर की खामियों के चलते बिजली उपभोक्ता नाराज हैं। इसके कारण प्रदर्शन और धरना हो रहा है। इसी के कारण प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर में बदलने की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक रहेगी। शक्ति भवन में हुई समीक्षा बैठक में मंत्री ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए कहा कि जिन घरों में स्मार्ट मीटर हाल ही में लगाए गए हैं, वहां करीब 15 दिन की कन्वर्जन अवधि और उसके बाद 30 दिन, यानी कुल 45 दिन तक बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। जीरो बैलेंस पर तीन दिन नहीं कटेगी बिजली स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को जीरो बैलेंस होने पर भी राहत दी गई है। अब अधिकतम 3 दिन या ₹200 तक (2 किलोवाट लोड तक) बिजली सप्लाई जारी रहेगी। उपभोक्ताओं को समय रहते जानकारी देने के लिए 5-स्तरीय SMS अलर्ट सिस्टम लागू किया जाएगा। इसमें बैलेंस 30 फीसदी होने पर पहला, 10 फीसदी पर दूसरा, बैलेंस खत्म होने पर तीसरा, डिस्कनेक्शन से एक दिन पहले चौथा और कनेक्शन कटने के बाद पांचवां मैसेज भेजा जाएगा। मंत्री एके शर्मा ने कहा कि रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में किसी भी हालत में बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा, भले ही बैलेंस नेगेटिव हो।


