Strait of Hormuz Tension: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार को ईरानी नौसेना ने होर्मुज ऑफ स्ट्रेट से गुजर रहे दो भारतीय जहाजों को फायरिंग की है। इसके बाद भारत ने ईरानी राजदूत को तलब किया है। वहीं इस घटना के बाद ईरान की भी प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें कहा गया कि भारत और ईरान के बीच संबंध मजबूत है।
जहाजों को नहीं हुआ नुकसान
बता दें कि जिन भारतीय जहाजों पर हमला हुआ है, उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है। वहीं इस हमले में किसी भी क्रू मेंबर को चोट नहीं लगी है। घटना के बाद सरकार ने कहा कि डायरेक्टर जनरल ऑफ शिपिंग पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जहाज के कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही अन्य भारतीय झंडे वाले जहाजों का भी ध्यान रखा जा रहा है।
कौन से भारतीय जहाज निशाना बने?
शिपिंग मंत्रालय ने इन दो जहाजों की पहचान सनमार हेराल्ड (एक कच्चे तेल का टैंकर) और जग अर्नव (एक बल्क कैरियर) के रूप में की है। दोनों जहाज हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे थे, तभी ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौकाओं ने उन पर गोलीबारी की। इसके बाद जहाजों को वापस मुड़ना पड़ा। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
विदेश मंत्रालय ने अभी तक जहाजों के बारे में विस्तृत जानकारी जारी नहीं की है। मरीन ट्रैफिक के अनुसार, सनमार हेराल्ड इराक से कच्चा तेल लेकर भारत आ रहा था, जबकि जग अर्नव सऊदी अरब के अल जुबैल से भारत के लिए रवाना हुआ था।
होर्मुज को लेकर ट्रंप ने क्या कहा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज को बंद करने के फैसले पर ईरान पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से बंद किया जा रहा है, जबकि इसे एक दिन पहले ही खोलने की घोषणा की गई थी। इस कदम पर नाराजगी जताने के बावजूद ट्रंप ने कहा कि बातचीत अभी भी जारी है और उन्होंने यह भी कहा कि तेहरान थोड़ा चालाकी कर रहा है।
ट्रंप ने आगे कहा कि हम उनसे बात कर रहे हैं। वे फिर से जलडमरूमध्य को बंद करना चाहते थे, जैसा कि वे सालों से करते आए हैं, लेकिन वे हमें ब्लैकमेल नहीं कर सकते। ट्रंप ने कहा कि ईरान को लेकर दिन में बाद में कुछ जानकारी दी जाएगी।
ईरान ने हमले के बाद दी प्रतिक्रिया
भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि ने शनिवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास दो भारतीय झंडे वाले टैंकरों पर हुए हमले को लेकर प्रतिक्रिया दी। डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि भारत और ईरान के बीच संबंध बहुत मजबूत हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इन संबंधों से नई दिल्ली को लाभ हुआ है। उन्होंने बताया कि भारत के तेल टैंकर सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरते रहे हैं।
इलाही ने कहा कि ईरान और भारत के बीच संबंध बहुत मजबूत हैं और आपने जिस घटना का जिक्र किया है, उसके बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। हम उम्मीद करते हैं कि सब ठीक होगा और यह मामला सुलझ जाएगा।


