शाहजहांपुर में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में ट्रैक्टर सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा हरदोई चौराहा के पास हुआ। जहां तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इस दौरान ट्रैक्टर पर बैठे युवक की गिर करके मौत हो गई। मृतक की पहचान उदौपारा गांव निवासी दिनेश कुमार (28) के रूप में हुई है। वह रोजा मंडी में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी मोहिनी और तीन छोटे बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार, दिनेश कुमार सुबह ट्रैक्टर से रोजा मंडी जा रहे थे। जैसे ही वह हरदोई चौराहा के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनके ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस से पंचनामा की कार्रवाई जल्द पूरी कर पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।


