Weather Alert: महाराष्ट्र में अगले 3-4 दिन पड़ेगी भीषण गर्मी, 18 अप्रैल के बाद तूफानी बारिश के आसार

Weather Alert: महाराष्ट्र में अगले 3-4 दिन पड़ेगी भीषण गर्मी, 18 अप्रैल के बाद तूफानी बारिश के आसार

महाराष्ट्र में इस हफ्ते भीषण गर्मी का कहर देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई क्षेत्रों में हीटवेव और उमस भरी गर्मी की चेतावनी जारी की है। साथ ही नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में काफी बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है। हालांकि इस सप्ताह के अंत तक मौसम करवट लेगा और आंधी-तूफान के साथ बारिश की उम्मीद है।

इन क्षेत्रों में दिखेगा ज्यादा असर

आईएमडी (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, मध्य महाराष्ट्र में 16 से 18 अप्रैल के बीच गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा। वहीं मराठवाड़ा में 16 से 18 अप्रैल, विदर्भ में 16 से 19 अप्रैल और कोंकण क्षेत्र में 16 से 17 अप्रैल के बीच अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव (लू) जैसी स्थिति बन सकती है।

इन इलाकों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं, खासकर दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

आंधी-बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, महाराष्ट्र के आंतरिक हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक भीषण गर्मी और उच्च तापमान का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि, 18 अप्रैल से मौसम में बड़े बदलाव शुरू होंगे, जिससे तपती गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है। 18 और 19 अप्रैल (शनिवार-रविवार) से कई मौसमी कारक एक साथ सक्रिय होंगे। इसके कारण 19 से 22 अप्रैल के बीच विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

हालांकि, यह गतिविधियां सभी क्षेत्रों में एक साथ नहीं होंगी, बल्कि अलग-अलग समय पर देखने को मिलेंगी। इस अवधि में राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, 23 और 24 अप्रैल को भी कुछ इलाकों में इसका असर बना रह सकता है। हालांकि, मौसम के इस बदलाव के चलते भीषण गर्मी से राहत केवल कुछ दिनों तक ही रहेगी।

देश के अन्य हिस्सों में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, महाराष्ट्र ही नहीं बल्कि देश के अन्य राज्य भी लू की चपेट में रहेंगे। तेलंगाना, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान और कर्नाटक समेत कई राज्यों में 16 से 20 अप्रैल के बीच हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।

वहीं, पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16 से 18 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

उत्तर और पूर्व भारत में बारिश और बर्फबारी का अनुमान

उत्तर-पश्चिम भारत के जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

पूर्वी भारत के पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में भी अलग-अलग दिनों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *