राजस्थान के धौलपुर में भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़, जिरौली फाटक पर तनाव; धरने पर बैठे लोग

राजस्थान के धौलपुर में भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़, जिरौली फाटक पर तनाव; धरने पर बैठे लोग

Dholpur Ambedkar Statue Controversy: धौलपुर: राजस्थान के धौलपुर शहर में बुधवार देर शाम उस वक्त तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब जिरौली फाटक के पास स्थित बाबा साहब डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासियों और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

बता दें कि देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, मामला शहर के जिरौली फाटक स्थित मयूरी हॉस्पिटल के पास का है। यहां काफी समय से डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। बुधवार देर शाम जब कुछ स्थानीय लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी, तो उन्हें वह क्षतिग्रस्त और छेड़छाड़ की हुई अवस्था में मिली। यह खबर जंगल में आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई।

Rajasthan Bhimrao Ambedkar Statue Vandalized in Dholpur Tension Near Jiroli Phatak Police Launch Probe

प्रतिमा को कथित रूप से नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना से नाराज लोग प्रतिमा के पास ही धरने पर बैठ गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

मामले की गंभीरता और लोगों की नाराजगी को देखते हुए निहालगंज थाना पुलिस तुरंत भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी लोगों को समझाने का प्रयास किया और उन्हें शांत रहने की अपील की।

इस घटना को लेकर सीओ (शहर) कृष्णराज जांगिड़ ने बताया, प्रतिमा के साथ हुई छेड़छाड़ की सूचना पर पुलिस बल मौके पर तैनात है। पुलिस हर पहलू से घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, ताकि शरारती तत्वों की पहचान की जा सके। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

दोषियों पर कार्रवाई की मांग

मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि यह सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की एक साजिश है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रतिमा की गरिमा बहाल की जाएगी और इस कृत्य में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *