ममता ने कहा- दिल्ली के जमींदारों को मुंहतोड़ जवाब दें:अमित शाह बोले- घुसपैठियों को वोटर लिस्ट से हटाया, अब देश से निकालेंगे

ममता ने कहा- दिल्ली के जमींदारों को मुंहतोड़ जवाब दें:अमित शाह बोले- घुसपैठियों को वोटर लिस्ट से हटाया, अब देश से निकालेंगे

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को बंगाली नव वर्ष के अवसर पर लोगों को ‘पोइला बोइशाख’ की शुभकामनाएं दीं और मतदाताओं से कहा कि वे दिल्ली के जमींदारों द्वारा लोगों के मतदान के अधिकार छीनने के प्रयासों का मुंहतोड़ जवाब दें। वहीं, कूचबिहार जिले के तूफानगंज में एक सभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- वोटर लिस्ट से घुसपैठियों के नाम हटाए गए हैं, अब उन्हें देश की सीमा से बाहर करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार बॉर्डर फेंसिंग के लिए जरूरी 600 एकड़ जमीन BSF को नहीं देना चाहती। BJP का मुख्यमंत्री बनने के बाद 45 दिनों के भीतर फेंसिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा। सीएम ममता बनर्जी ने भी दावा किया कि बुधवार को कोलकाता एयरपोर्ट जाते समय केंद्रीय बलों ने उनकी गाड़ी की जांच करने की कोशिश की। उन्होंने कहा—अगर हिम्मत है तो रोज मेरी गाड़ी चेक करें। इस्लामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सवाल किया कि प्रधानमंत्री-गृहमंत्री की कार की जांच क्यों नहीं होती? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सेंट्रल मिनिस्टर पैसा लेकर आते हैं। चुनाव से जुड़े कल के 3 अपडेट्स… 1. भाजपा ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में मातृशक्ति भरोसा कार्ड लॉन्च किया। सरकार बनने पर राज्य की महिलाओं को हर महीने ₹3,000 देने का वादा किया गया है। कार्यक्रम में सुवेंदु अधिकारी और स्मृति ईरानी मौजूद रहीं। 2. चुनाव आयोग 23 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 2,407 कंपनियां तैनात करेगा, जिसमें सबसे ज्यादा जवान मुर्शिदाबाद के लिए रखे जाने की संभावना है। 3. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण चुनाव प्रचार के लिए पूर्वी वर्धमानपुर पहुंची। यहां इन्होंने हथकरघा कारीगर सुकुमार हलदर के घर खाना खाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *