Praful Hinge Debut in IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 21वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हुआ। इस मुकाबले से पहले राजस्थान रॉयल्स की टीम एक भी मैच नहीं हारी थी और उनके ओपनर कमाल की फॉर्म में थे, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जो हुआ, वह किसी को यकीन नहीं हुआ। हैदराबाद के दो तूफानी गेंदबाजों ने राजस्थान रॉयल्स की बैटिंग लाइनअप को ध्वस्त कर दिया। दोनों ने मिलकर 8 विकेट चटकाए और राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से शिकस्त दी। राजस्थान की आईपीएल 2026 में यह पहली हार है, तो वहीं हैदराबाद ने अपना दूसरा मुकाबला जीता।
प्रफुल्ल और साकिब ने मचाया गदर
इस जीत के हीरो रहे सनराइजर्स हैदराबाद के दो तूफानी गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन। दोनों ने आठ ओवर की गेंदबाजी में 8 विकेट चटका दिए और राजस्थान रॉयल्स को 20 ओवर भी खेलने नहीं दिया। इसमें से हिंगे का पहला ओवर इतना खतरनाक था कि राजस्थान रॉयल्स की हालत इसी ओवर में खराब हो गई। अपने पहले ओवर में प्रफुल्ल हिंगे ने वैभव सूर्यवंशी, रेली रूसो और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस को पवेलियन भेज दिया। तीनों बल्लेबाज खाता तक नहीं खोल सके।
इस मैच में प्रफुल्ल ने चार ओवर में 34 रन देकर 4 विकेट लिए। हालांकि, प्रफुल्ल का डेब्यू पंजाब के खिलाफ होने वाला था। ईशान किशन ने अपनी प्लेइंग इलेवन में उन्हें चुना भी था।
क्यों नहीं हुआ PBKS के खिलाफ डेब्यू
पंजाब के खिलाफ टॉस हारने के बाद उन्होंने बताया था कि प्रफुल्ल हिंगे डेब्यू कर रहे हैं और उनकी जगह जयदेव उनादकट को बाहर किया गया है। इस मुकाबले में सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी की और जब गेंदबाजी का मौका आया, तो इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर जयदेव उनादकट की मैदान पर वापसी हो गई। यही वजह रही कि प्रफुल्ल हिंगे पंजाब किंग्स के खिलाफ 11 अप्रैल को डेब्यू नहीं कर पाए। हालांकि, दो दिन बाद ही उन्हें मौका मिला और उन्होंने आते ही कमाल कर दिया।





