अनावरण से पहले हटी आंबेडकर प्रतिमा, भड़के ग्रामीण… पीलीभीत में बवाल जैसे हालात, गांव बना छावनी

अनावरण से पहले हटी आंबेडकर प्रतिमा, भड़के ग्रामीण… पीलीभीत में बवाल जैसे हालात, गांव बना छावनी

पीलीभीत। जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के कबूलपुर गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त माहौल गरमा गया, जब आंबेडकर जयंती पर अनावरण से पहले ही डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को रातों-रात हटा दिया गया। सुबह मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जब प्रतिमा गायब देखी तो गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते गांव में तनाव की स्थिति बन गई। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने चंदा इकट्ठा कर गांव में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कराई थी। सोमवार दोपहर प्रतिमा को निर्धारित स्थान पर रखा गया था और मंगलवार को आंबेडकर जयंती के अवसर पर उसका विधिवत अनावरण होना था। लेकिन उससे पहले ही सोमवार देर रात करीब 12 बजे पुलिस-प्रशासन ने प्रतिमा को हटवा दिया।

आंबेडकर पार्क में ही रखी थी प्रतिमा

गांव के सर्वेश, दीपक, गौरव, रामपाल, राजपाल, संतोष कुमार, कालीचरन, रूपलाल और रामबहादुर समेत कई ग्रामीणों ने दावा किया कि जिस जगह प्रतिमा स्थापित की गई थी, वह राजस्व अभिलेख (फर्द) में आंबेडकर पार्क के रूप में दर्ज है। ऐसे में बिना सूचना और अनुमति के प्रतिमा हटाए जाने को लेकर लोगों में नाराजगी है। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रतिमा स्थल पर जुट गए और नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।

रात में ही पहुंच गए थे सीओ

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी विधि भूषण मौर्य सोमवार रात में ही गांव पहुंच गए थे। मंगलवार सुबह से भी पुलिस बल गांव में तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *