झुराही आरटीओ मारपीट: एफआईआर दर्ज:ट्रक चालक संतोष समेत पांच पर केस, पहले समझौते की बात थी

झुराही आरटीओ मारपीट: एफआईआर दर्ज:ट्रक चालक संतोष समेत पांच पर केस, पहले समझौते की बात थी

सिंगरौली जिले के झुराही आरटीओ चेक पोस्ट पर कर्मचारियों के साथ मारपीट के मामले में नया मोड़ आया है। पहले आपसी समझौते की बात कही गई थी, लेकिन अब मंगलवार को इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है। ट्रक चालक संतोष कुमार सहित पांच लोगों पर मारपीट और अभद्रता का आरोप है। परिवहन विभाग के उड़न दस्ते ने जियावन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, ट्रक चालक संतोष कुमार नशे की हालत में वाहन चला रहा था। जांच के लिए रोके जाने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कर्मचारियों से मारपीट और अभद्रता की। सोमवार को इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ लोग आरटीओ कर्मचारियों को घेरकर मारपीट करते नजर आ रहे थे। घटना के तुरंत बाद विभाग ने इसे आपसी विवाद बताया था। हालांकि, अब मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई की गई है। जियावन थाना प्रभारी ने बताया कि परिवहन विभाग के कर्मचारियों की शिकायत पर संतोष कुमार और चार अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिसमें वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *