बांसवाड़ा जिले के खमेरा थाना क्षेत्र में बीएपी विधायक प्रत्याशी अशोक निनामा के छोटे भाई अनिल (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घाटोल विधानसभा से विधायक प्रत्याशी रहे अशोक ने आरोप लगाया कि उसके भाई की पीट-पीटकर हत्या की गई है। अनिल को रात में झाड़ियों में घायल हालत में मिलने के बाद हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में 3-4 लोगों की भूमिका मानते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना कलिमगरा में होना बताया जा रहा है। मृतक (बांसलिखेड़ा निवासी अनिल पिता केशव) के गांव से 5-6 किलोमीटर दूरी है रात 2 बजे आया था फोन, लोकेशन पर मिला घायल अशोक निनामा ने बताया कि वह रात को अपने घर पर सो रहे थे, तभी करीब 2 बजे उनके पास सरपंच प्रकाश सागबारी के तीन मिस कॉल आए। जब अशोक ने वापस फोन किया, तो सरपंच ने पूछा कि “तुम्हारा भाई कहा है?” अशोक के अनुसार, सरपंच ने उन्हें लोकेशन बताई और कहा कि “अनिल यहां पड़ा है, आकर ले जाओ।” झाड़ियों में तड़पता मिला भाई परिजनों के साथ जब अशोक बताए गए स्थान काली मगरी के पास पहुंचे, तो काफी तलाश के बाद झाड़ियों से अनिल की चीखने की आवाज आई। अशोक ने बताया- ‘मेरा भाई बचाओ-बचाओ चिल्ला रहा था। जब हम उनके पास पहुंचे तो वह बहुत बुरी हालत में था। उसने बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे से उसे घसीट-घसीट कर पीटा जा रहा था।’ अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अनिल को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान अनिल ने दम तोड़ दिया। भाई की मौत की खबर सुनते ही अशोक निनामा अस्पताल परिसर में ही फूट-फूट कर रो पड़े। प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला घाटोल डिप्टी महेंद्र मेघवंशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला महिला से जुड़ा हुआ लग रहा है। घटना के बाद युवक अनिल से रात में पुलिस ने बयान भी ले लिए थे। मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। खमेरा थाने के एएसआई लेखाराम ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है और सभी एंगल से जांच जारी है। आरोपियों को पकड़ने टीमें गई हैं -एसपी एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि हत्या के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। 3-4 लोग हत्या में शामिल हैं। टीमें आरोपियों को पकड़ने के लिए भेजी है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अब कॉल डिटेल्स और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।


