कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत खितौली चौकी में पदस्थ प्रभारी और ग्रामीणों के बीच सड़क पर हुई झड़प का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनय विश्वकर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खितौली चौकी प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल को पद से हटा दिया है। यह घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल केवलारी गांव से गुजर रहे थे। उन्होंने सड़क किनारे कुछ लोगों को शराब पीते हुए देखा, जिस पर उन्होंने सार्वजनिक स्थान पर शराब न पीने की समझाइश दी। बिना वर्दी के ग्रामीणों से भिड़े पुलिस के मुताबिक, समझाइश देने के बाद विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह बहस गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बिना वर्दी के पुलिस अधिकारी और ग्रामीण आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की साफ देखी जा सकती है। बघेल ने दी सफाई इस मामले पर चौकी प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वे भोजन करके चौकी लौट रहे थे, तभी केवलारी गांव में कुछ लोग सड़क पर बैठकर शराब पी रहे थे। उन्होंने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शराब न पीने की हिदायत दी, लेकिन नशे की हालत में उन लोगों ने अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। बघेल ने किसी के साथ मारपीट करने से इनकार किया है। कुठला थाने भेजा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए इसे अनुशासनहीनता और कानून व्यवस्था के लिहाज से गंभीर माना है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से चौकी प्रभारी को हटाकर कुठला थाने में पदस्थ किया है। घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


