अभय चौटाला ने बिना गेटपास ट्रैक्टर की करवाई एंट्री:हांसी में नायब सैनी को बताया थोपे हुए सीएम, बोले-जनता से सरोकार नहीं

अभय चौटाला ने बिना गेटपास ट्रैक्टर की करवाई एंट्री:हांसी में नायब सैनी को बताया थोपे हुए सीएम, बोले-जनता से सरोकार नहीं

हांसी में स्थित अनाज मंडी पहुंचे इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) सुप्रीमो अभय चौटाला ने फसल खरीद को लेकर सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोमवार शाम किसानों के बीच पहुंचकर मौजूदा नियमों को किसानों के लिए परेशानी भरा बताया। इस दौरान उन्होंने बिना गेट पास के एक ट्रैक्टर को मंडी में प्रवेश करवाया। चौटाला ने बायोमेट्रिक सत्यापन, ट्रैक्टर के आगे रजिस्ट्रेशन नंबर और गेट पास जैसी शर्तों को ‘बेमानी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि इन प्रक्रियाओं के कारण किसानों को लंबी कतारों और तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बिजली अधिकीरियों पर भी लगाए आरोप उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का सलाहकार मंडल हरियाणा से बाहर के लोगों का है, जिन्हें प्रदेश की जमीनी हकीकत की समझ नहीं है। इसी कारण ऐसे अव्यावहारिक फैसले लिए जा रहे हैं। इनेलो नेता ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। चौटाला ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते किसानों की फसलें खेतों में जल रही हैं। उन्होंने बताया कि पहले इन दिनों में दिन के समय बिजली काट दी जाती थी, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके, लेकिन अब ऐसा नहीं किया जा रहा है, जिससे किसानों को लगातार नुकसान हो रहा है। नायब सैनी को बताया थोपे हुए मुख्यमंत्री उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे ‘थोपे हुए’ और ‘डमी’ मुख्यमंत्री हैं, और असली निर्णय कहीं और से लिए जा रहे हैं। चौटाला ने चेतावनी दी कि वे किसानों की समस्याओं को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ये शर्तें वापस नहीं ली गईं, तो पार्टी एक बड़ा आंदोलन शुरू करने का फैसला लेगी। इस मुद्दे पर पार्टी पदाधिकारियों की बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। नगर निगम चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अभय चौटाला ने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता किसानों की लड़ाई है, चुनावी रणनीति पर बाद में विचार किया जाएगा। मंडी में मौजूद मार्केट कमेटी के सचिव यशपाल मेहता को किसानों के बीच बुलाकर चौटाला ने निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *