पूरनपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने सोमवार को स्थानीय बिजली घर पर स्मार्ट मीटर की कथित अव्यवस्थाओं, अघोषित बिजली कटौती और मनमाने बिलों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष हाजी लाडले के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए और प्रीपेड मीटर हटाकर पुराने पोस्टपेड मीटर वापस लगाने की मांग की। हंगामे के दौरान एसडीओ मोहित गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं। धरने को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष हाजी लाडले ने आरोप लगाया कि विभाग ने उपभोक्ताओं को अंधेरे में रखकर जबरन प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मामूली रिचार्ज खत्म होते ही बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काट दी जाती है। इसके अतिरिक्त, उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से कहीं ज्यादा बिलों का भुगतान करना पड़ रहा है। लाडले ने इस व्यवस्था को अपारदर्शी बताते हुए कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी का भी आरोप लगाया। आंदोलन को और उग्र किया जाएगा सपा जिला सचिव तौफीक अहमद कादरी और बंटू खां ने कहा कि एक ओर जनता महंगाई से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर प्रीपेड मीटर नई मुसीबत बन गए हैं। कार्यकर्ताओं ने विभाग के सामने कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें सभी प्रीपेड मीटरों को हटाकर तत्काल पोस्टपेड मीटर लगाना, शहर में फैले जर्जर तारों और झूलते विद्युत पोलों को दुरुस्त करना, तथा नए बिजली कनेक्शनों के लिए विशेष कैंपों का आयोजन शामिल है, ताकि जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। इस विरोध प्रदर्शन में अफजल अंसारी, शहीद खां, नादिर रजा बरकाती, लल्ला भाई, मो. तालिब, अमन यादव, जाहिद खां, मो. पायीन, भूरी बेगम, कैंसरी बेगम, पुनीत वर्मा और श्यामाचरण सहित दर्जनों कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सपाइयों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।


