उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने लखनऊ से कानपुर के बीच रेलखंड का निरीक्षण किया। उन्होंने लखनऊ से कानपुर पुल बाया किनारा तक यात्रा कर रास्ते में चल रहे निर्माण कार्यों, रेलवे ट्रैक की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को देखा। इस दौरान गंगा पुल पर हो रहे काम की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी काम तय समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। रास्ते में दिखी हकीकत, अफसरों को दिए सख्त निर्देश निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर बन रहे रोड ओवर ब्रिज (ROB) और अंडरपास कार्यों को करीब से देखा गया। महाप्रबंधक ने साफ कहा कि काम में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा होना चाहिए। रेल ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों से जवाब तलब किया और जरूरी सुधार के निर्देश दिए। स्टेशनों को बदलेगा ‘अमृत भारत’ प्लान मानक नगर, उन्नाव जंक्शन और कानपुर पुल बायाँ किनारा स्टेशन पर चल रहे बदलाव भी निरीक्षण के केंद्र में रहे। यहां यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं, साफ-सफाई और आधुनिक ढांचे पर काम किया जा रहा है। कानपुर पुल बाया किनारा स्टेशन पर महाप्रबंधक ने स्टेशन मास्टर से सीधे बातचीत कर संचालन व्यवस्था की जानकारी ली और कामकाज को परखा। गंगा पुल पर बड़ा काम, जल्द मिलेगी रफ्तार इस पूरे निरीक्षण का सबसे अहम हिस्सा रहा गंगा पुल (ब्रिज संख्या 110), जहां इन दिनों बड़ा तकनीकी बदलाव किया जा रहा है। यहां पुराने स्टील स्ट्रक्चर को हटाकर नए एच-बीम स्लीपर लगाए जा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों का दावा है कि काम पूरा होते ही इस पुल पर ट्रेनों की गति बढ़ जाएगी, जिससे देरी कम होगी और सफर ज्यादा सुगम होगा। यात्रियों को क्या होगा फायदा? रेलवे के इस अभियान का सीधा फायदा यात्रियों को मिलने वाला है। ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी देरी में कमी आएगी स्टेशनों पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी


