देहरादून से लखनऊ आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर शनिवार रात पथराव की घटना सामने आई है। बरेली के पास अज्ञात शरारती तत्वों ने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया, जिससे चेयरकार कोच सी-8 की खिड़की का शीशा टूट गया। घटना के बाद बोगी में अफरा-तफरी मच गई और यात्री दहशत में आ गए। तेज आवाज से दहशत, यात्रियों में अफरा-तफरी गाड़ी संख्या 22546 देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस जैसे ही बरेली के नजदीक पहुंची, अचानक तेज धमाके की आवाज हुई। पत्थर सीधे सी-8 कोच की खिड़की पर लगा, जिससे कांच टूट गया। आवाज सुनते ही यात्रियों में डर का माहौल बन गया और कई लोग अपनी सीटों से उठ खड़े हुए। सोशल मीडिया पर शिकायत, रेलवे हरकत में आया कोच में सफर कर रहे एक यात्री के परिजन शारदानंद पांडेय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेलवे से शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके भाई की सीट के पास खिड़की पर पत्थर लगा है। शिकायत के बाद रेलवे ने तुरंत मामले की जानकारी आरपीएफ कंट्रोल रूम को दी। लखनऊ पहुंचकर बदला गया शीशा ट्रेन के देर रात लखनऊ पहुंचने के बाद क्षतिग्रस्त खिड़की का शीशा बदला गया। रेलवे अधिकारियों ने घटना को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है। पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं वंदे भारत ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं नई नहीं हैं। हाल ही में मोहन भागवत के मेरठ दौरे के दौरान हरदोई में मेरठ वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी पत्थरबाजी हुई थी। इसके अलावा लखनऊ-प्रयागराज रूट पर रायबरेली के पास भी इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। सुरक्षा पर उठे सवाल लगातार हो रही पथराव की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाईस्पीड और प्रीमियम ट्रेनों पर इस तरह के हमले यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं।


