मंदसौर शहर के शुक्ला चौक के पास रविवार रात करीब 8 बजे एक युवक की चाकू से मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, मृतक साहिल (21) पिता अय्यूब शाह निवासी मदारपुरा अपने साथियों के साथ एक चाय की होटल पर बैठा था। इसी दौरान अमन नाम का युवक वहां बाइक से पहुंचा और आरोपी ने साहिल पर घूरकर देखने का आरोप लगाते हुए अचानक चाकू से हमला कर दिया। घटना के दौरान रहीम पिता मुन्ना शाह ने साहिल को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी के हमले में वह खुद भी घायल हो गए। उनके हाथ में गंभीर चोट आई है। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल साहिल और रहीम को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, सीने पर गहरे चाकू के वार और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई। साहिल की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी। 6:30 बजे घर से निकला था, नहीं लौटा वापस
परिजनों के अनुसार, साहिल शाम करीब 6:30 बजे यह कहकर घर से निकला था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा। वह बाइक लेकर निकला था, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी हत्या की खबर घर पहुंच गई। घायल ने बताई पूरी घटना
घायल रहीम ने बताया कि हम बैठकर मंडी के कामकाज की चर्चा कर रहे थे। तभी आरोपी अमन वहां पहुंचा और बिना किसी कारण के साहिल पर हमला कर दिया। बीच बचाव करने पर उन्हें भी चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल रहीम के बयान दर्ज कर लिए हैं और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


