सोनीपत जिले के राई क्षेत्र में स्थित ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-3 के नजदीक उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नगर निगम की जमीन पर एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान संदीप के रूप में हुई है। युवक के सिर पर लाठी-डंडों से गहरे वार के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम से टीम मौके पर पहुंची। राई थाना पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। लाठी-डंडों से हमला, हत्या की आशंका प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या की। शव की स्थिति को देखते हुए मामला सुनियोजित प्रतीत हो रहा है। कार में डालकर ले गए, कुछ दूरी पर फेंका शव जानकारी के अनुसार, HR10AD6647 नंबर की एक इक्को गाड़ी में सवार होकर युवक मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान कुछ युवक लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और ड्राइवर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हत्या के बाद हमलावर युवक के शव को गाड़ी में डालकर ले गए और कुछ दूरी पर फेंककर फरार हो गए। एफएसएल टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल और गाड़ी से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। कार में मिले खून के निशान पुलिस जांच में सामने आया है कि इक्को कार का रजिस्ट्रेशन सुखबीर के नाम पर है, जो गांव खेवड़ा का रहने वाला है। गाड़ी में भी खून के निशान मिले हैं, जिनकी जांच कराई जा रही है। राई थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक यहां कैसे पहुंचा और आरोपियों की पहचान की जा सके। शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई राई थाना प्रभारी धीरज कुमार के अनुसार, पुलिस को एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर युवक खून से लथपथ मिला। मृतक की पहचान संदीप के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


