मुजफ्फरनगर में रविवार को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में आस्था और उत्साह का माहौल रहा। मनकामेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां विधि-विधान से अभिषेक और हवन किया गया। इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर से भव्य ध्वज यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और जयघोषों के बीच यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई शिव चौक पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालु भगवान परशुराम के जयकारे लगाते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिव चौक पहुंचने के बाद यात्रा का समापन हुआ और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस आयोजन में शहर के कई सामाजिक और राजनीतिक चेहरे भी मौजूद रहे। समिति के पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न संगठनों के लोगों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। मंदिर के पुजारी पंडित अरुण मिश्रा ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने का काम करते हैं।


