संभल में खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी को लोहे की रॉड से उतारा मौत के घाट, थाने पहुंच बोला- मैंने ही मारा

संभल में खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी को लोहे की रॉड से उतारा मौत के घाट, थाने पहुंच बोला- मैंने ही मारा

Husband Kills Wife Sambhal: यूपी के संभल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने भागने या सबूत मिटाने की कोशिश नहीं की, बल्कि घर पर ताला लगाकर सीधे थाने पहुंच गया। वहां उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए घर की चाबी सौंप दी। इस अप्रत्याशित कबूलनामे से पुलिस भी हैरान रह गई और तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

खुद पहुंचा थाने और कबूला जुर्म

यह सनसनीखेज वारदात संभल जिले की गुन्नौर तहसील के थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव सिंघौली कल्लू में हुई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय ज्योति प्रजापति के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब एक साल पहले दुर्गेश कुमार से हुई थी। आरोपी ने रविवार सुबह करीब 11:30 बजे इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया और लगभग 50 मिनट बाद, दोपहर 12:20 बजे थाने पहुंचकर अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया

आरोपी के कबूलनामे के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर का ताला खुलवाया, जहां ज्योति का शव खून से लथपथ हालत में मिला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। घटना की जानकारी गांव में तब फैली जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

खेत में अलग रह रहा था दंपत्ति

जानकारी के मुताबिक, ज्योति की शादी बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव विजयगढ़ी निवासी केवल सिंह ने एक साल पहले दुर्गेश प्रजापति से की थी। शादी के बाद दुर्गेश अपने परिवार से अलग होकर गांव से दूर खेत में बने मकान में पत्नी के साथ रह रहा था। उसका एक घर गांव के अंदर भी है, जहां उसकी मां और अन्य परिजन रहते हैं, जबकि पिता दिल्ली में रिक्शा चलाते हैं।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, लेकिन असली वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *