बिजनौर के नहटौर क्षेत्र में रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की मौके पर ही मौत हो गई। नहटौर-कोतवाली देहात मार्ग पर गांव फुलसंदा के पास लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरी। ट्रॉली पलटने से उस पर लदे भारी लकड़ी के लट्ठे चालक के ऊपर गिर गए।कोतवाल ने खुद रेस्क्यू की कमान संभालते हुए लकड़ी हटवानी शुरू की। यह घटना रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। नहटौर क्षेत्र के रुखड़ियो निवासी राजेंद्र सिंह (पुत्र बिशन लाल) अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पॉपुलर की लकड़ी भरकर नजीबाबाद जा रहे थे। गांव फुलसंदा के पास उनका ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही नहटौर थाना प्रभारी (कोतवाल) पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर लकड़ी के भारी लट्ठों को हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक राजेंद्र सिंह के शव को लकड़ियों के नीचे से बाहर निकाला जा सका। मृतक की पहचान रुखड़ियो गांव निवासी राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। उनके परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। नहटौर कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की आगे की जांच की जा रही है।


