बड़वानी में 55 स्थानों पर सामूहिक बोरी बंधान:कलेक्टर के नेतृत्व में जनभागीदारी से जल संरक्षण की शपथ

बड़वानी जिले में “जल गंगा संवर्धन अभियान 2026” के तहत जल संचय के लिए रविवार दोपहर को एक व्यापक जनभागीदारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कलेक्टर जयति सिंह के नेतृत्व में जिले के विभिन्न विकासखंडों के 55 स्थानों पर सामूहिक बोरी बंधान का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के तहत, ग्राम पंचायत लोनसरा खुर्द में कलेक्टर जयति सिंह और जिला पंचायत सीईओ ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों के साथ श्रमदान किया। उन्होंने सातमात्रा नाले पर श्रृंखलाबद्ध चार बोरी बंधान का कार्य किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। जिले की 55 ग्राम पंचायतों में एक साथ हुए इस कार्य में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बहते हुए जल को रोककर भू-जल स्तर में सुधार लाना तथा पशुओं के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इन ग्राम पंचायतों में चला अभियान यह कार्य बड़वानी जनपद की ग्राम पंचायत लोनसरा खुर्द, निवाली जनपद की ग्राम पंचायत भूरापानी, पानसेमल जनपद की ग्राम पंचायत दोंदवाड़ा, पाटी जनपद की ग्राम सेमली, रोसर, लिंबी, राजपुर जनपद की ग्राम पंचायत सिनगुन, भामी, मंदिल, बालसमुंद, पानवा, बुदरा, खड़की, नरावला, रणगांव रोड, सालखेड़ा, भोरवाड़ा, रुई, खजूरी और सेंधवा जनपद के ग्राम पंचायत अंजनगांव सहित कई अन्य स्थानों पर भी संपन्न हुआ।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *