फर्रुखाबाद की ग्राम पंचायत सिरौली में डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने और भूमि अधिग्रहण संबंधी एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, उप कृषि निदेशक, क्षेत्रीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों को सूचित किया कि सभी किसान 30 अप्रैल तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य रूप से बनवा लें। ऐसा न करने पर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा, और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली सुविधाएं भी बाधित हो सकती हैं। उर्वरक खरीदने के लिए भी फार्मर रजिस्ट्री आईडी को अनिवार्य कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने सभी किसानों से अपील की कि वे अपनी आईडी बनवाने के साथ-साथ अपने आसपास के अन्य किसानों की भी आईडी बनवाना सुनिश्चित करें। किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी स्वयं के मोबाइल, जन सुविधा केंद्र या क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के माध्यम से बनवा सकते हैं। ग्राम पंचायत सिरौली में कुल 5600 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जानी है, जिनमें से अब तक 2900 किसानों की आईडी बन चुकी है। शेष किसानों की आईडी शीघ्र पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।


