Ghaziabad : दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले में एक चोर के साथ ऐसी घटना घटी कि वह अपनी जिंदगी में शायद ही दोबारा चोरी करने की हिम्मत करेगा। चोरी के इरादे से डॉक्टर के क्लीनिक पर धावा बोलने पहुंचा एक युवक करीब 6 घंटे तक शटर और दीवार के बीच अपनी गर्दन फंसाकर हवा में लटका रहा। यह मामला अब सोशल मीडिया पर कौतूहल का विषय बना हुआ है और इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक देर रात क्लीनिक का शटर उठाकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही उसने गर्दन अंदर डाली, शटर अचानक नीचे की ओर दब गया और उसकी गर्दन दीवार के बीच में बुरी तरह फंस गई। उसका सिर दुकान के अंदर था और बाकी पूरा शरीर बाहर हवा में लटका रह गया। चोर न तो खुद को अंदर खींच पा रहा था और न ही बाहर निकल पा रहा था।
6 घंटे तक पैर पटककर मांगता रहा मदद
खुद को फंसा देख चोर बुरी तरह घबरा गया। रात के अंधेरे में कोई मददगार न पाकर उसने शटर पर पैर मारकर आवाज करना शुरू किया। दर्द और घुटन के बीच वह घंटों इसी स्थिति में लटका रहा। सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर शटर से लटके पैर पर पड़ी, तो इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई।
फायर सर्विस ने शटर काटकर बचाई जान
मौके पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने देखा कि चोर की हालत बेहद खराब हो चुकी थी। जवानों ने बेहद सावधानी के साथ हाइड्रोलिक कटर से शटर के हिस्से को काटा। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चोर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर निकलते ही आरोपी की हालत ऐसी थी कि वह अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। पुलिस ने उसे पानी पिलाया और प्राथमिक उपचार के बाद हिरासत में ले लिया।
कौन है यह ‘अभागा’ चोर?
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए युवक का नाम अभिषेक है और वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। वह गाजियाबाद में चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को ‘जैसी करनी वैसी भरनी’ बता रहे हैं।


