‘तेरा बेटा नहीं है!’ दोस्तों के चिढ़ाने पर मासूम को मार डाला, कृष्णा नदी में मिला शव

‘तेरा बेटा नहीं है!’ दोस्तों के चिढ़ाने पर मासूम को मार डाला, कृष्णा नदी में मिला शव

महाराष्ट्र के सतारा जिले के कराड तालुका के शिवडे गांव से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कृष्णा नदी में मिले एक मासूम के शव की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है और जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया।

करीब 20 दिनों बाद पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 6 वर्षीय मासूम सिद्धार्थ मल्लिकार्जुन आरेकरी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने पिता ने ही की थी।

पिछले महीने मिला था शव

18 मार्च की सुबह शिवडे गांव की सीमा में कृष्णा नदी के किनारे एक बच्चे का शव संदिग्ध स्थिति में मिला था। उस समय शव की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई थी।

जांच में सामने आया भयावह सच

पुलिस जांच के दौरान पता चला कि मृत बच्चा कर्नाटक के विजापुर जिले के नागठाणे गांव का रहने वाला सिद्धार्थ आरेकरी है।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिता मल्लिकार्जुन आरेकरी को उसके दोस्तों द्वारा यह कहकर चिढ़ाया जाता था कि सिद्धार्थ उसका बेटा नहीं है। बच्चे की शक्ल उससे नहीं मिलती, इस बात को लेकर वह अपनी पत्नी भाग्यश्री पर शक करने लगा था। इसी शक के चलते वह पिछले कई महीनों से पत्नी के साथ झगड़ा करता था।

स्कूल में एडमिशन के बहाने ले गया, फिर नदी में फेंका

पुलिस के मुताबिक, 16 मार्च को आरोपी पिता सिद्धार्थ को स्कूल में दाखिला दिलाने के बहाने घर से ले गया। वह विजापुर से सातारा के उंब्रज पहुंचा और वहां से बच्चे को लेकर शिवडे गांव के पास कृष्णा नदी किनारे गया। मौका देखकर उसने मासूम को नदी में फेंक दिया और फरार हो गया।

आरोपी पिता गिरफ्तार, आगे की जांच जारी

इस दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है। एक पिता द्वारा अपने ही बच्चे की हत्या किए जाने की घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *