CSK vs DC मैच में अंपायर से भिड़ना नीतीश राणा को पड़ गया भारी, तगड़े जुर्माने के साथ मिली ये सजा

CSK vs DC मैच में अंपायर से भिड़ना नीतीश राणा को पड़ गया भारी, तगड़े जुर्माने के साथ मिली ये सजा

Nitish Rana Punished for Clashing with Umpire: सीएसके के खिलाफ मुकाबले में दिल्‍ली कैपिटल्‍स के नीतीश राणा को अंपायर से भिड़ना भारी पड़ गया है। अंपायर से तीखी बहस के लिए उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट अंक दिया गया है। 

Nitish Rana Punished for Clashing with Umpire: IPL 2026 में लगातार तीन मैच हारने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स को पहली जीत दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ मिली है। लेकिन, इस जीत से ज्‍यादा ये सुर्खियों में ट्रिस्टन स्टब्स की ग्‍लव्‍स बदलने की गुजारिश को अंपायर द्वारा ठुकराया जाना है, जिसके बाद स्‍टब्‍स ने आउट होने के बाद बैट और ग्‍लव्‍स फेंके और फिर ड्रेसिंग रूम में जाकर हेलमेट फेंक दिया। विवाद तब और ज्‍यादा बढ़ गया, जब नीतीश राणा इस बात को लेकर अंपायर से भिड़ गए और उनसे तीखी बहस की। अब नीतीश पर इस हरकत के लिए भारी भरकम जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।

19वें ओवर की घटना

दरअसल, यह घटना दिल्ली कैपिटल्‍स की पारी के आखिरी पलों में हुई, जब 19वें ओवर में स्टब्स ने अपने ग्लव्स बदलने की गुजारिश की। उन्‍हें काफी असहज महसूस हो रहा था। उनके ग्लव्स पसीने से भीगे हुए थे, जिससे उनकी पकड़ कमज़ोर पड़ रही थी। हालांकि, चौथे अंपायर ने उनकी गुजारिश ठुकरा दी, जिससे दिल्ली के खेमे में साफ तौर पर निराशा छा गई।

नीतीश राणा ने काफी देर तक की बहस

नीतीश राणा ने इस फैसले पर सवाल उठाने के लिए दखल दिया और अंपायर के साथ काफी देर तक बहस करते रहे। राणा ने दलील दी कि गीले ग्लव्स पहनकर खेलने से प्रदर्शन और सुरक्षा दोनों पर बुरा असर पड़ सकता है। खासकर मैच के उन पलों में जब दबाव बहुत ज्‍यादा होता है। इस घटना से मैच के आखिरी ओवरों में पहले से बढ़ रहे तनाव में और भी इजाफा हो गया।

स्‍टब्‍स ने गुस्‍से में बैट, ग्‍लव्‍ज और हेलमेट फेंका

गुजारिश ठुकराए जाने के कुछ ही देर बाद स्टब्स की पारी अचानक खत्म हो गई। इनफील्ड के ऊपर से शॉट खेलने की कोशिश में, उन्होंने जेमी ओवरटन की गेंद पर एक गलत शॉट खेल दिया, जिसे मिड-ऑफ पर खड़े नूर अहमद ने लपक लिया। साफ तौर पर निराश स्टब्स पवेलियन की ओर लौटे और हताशा में अपना बल्ला और ग्लव्स जमीन पर फेंक दिया। फिर ड्रेसिंग रूम में जाते ही हेलमेट फेंक दिया।

आचार संहिता के उल्लंघन के लिए राणा को सजा मिली

इस घटना के बाद नीतीश राणा पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया। यह अपराध आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 के तहत आता है, जो मैच के दौरान अश्लील भाषा के इस्तेमाल से संबंधित है। यह उल्लंघन 19वें ओवर में चौथे अंपायर के साथ हुई, उनकी बहस के दौरान हुआ था। राणा ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को भी मान लिया।

गायकवाड़ पर धीमी ओवर-रेट के लिए जुर्माना

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के बाद 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह जुर्माना इसलिए लगाया गया, क्योंकि सीएसके ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में अपने मुकाबले के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखी थी। आईपीएल आचार संहिता के तहत न्यूनतम ओवर-रेट की जरूरतों से जुड़ा यह इस सीजन में टीम का पहला अपराध है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *