मुरादाबाद के गलशहीद थाना क्षेत्र के असालतपुरा मोहल्ले में एक महिला ने घरेलू विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, असालतपुरा निवासी महक का देर रात अपने पति ओबामा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान महक ने गुस्से में आकर कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिवार के सदस्यों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर महिला के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। मायके वालों ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने महक को जहरीला पदार्थ देकर जान से मारने की कोशिश की है। इस संबंध में उन्होंने गलशहीद थाने में आरोपी पति के खिलाफ तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


