करनाल में नकली सोना बेचने को लेकर उठे विवाद की परतें खुलने लगी हैं। शुरुआत में जिस नामी ज्वेलर्स पर नकली सोना बेचने के आरोप लगे थे, जांच में सामने आया कि वह खुद ठगी का शिकार हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, एक गिरोह ने बेहद शातिर तरीके से नकली सोना असली बताकर बेचा। जब मालिक को ठगी को पता चला तो उसने मामले की शिकायत पुलिस को कर दी। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और इस मामले में दिल्ली से एक पिता-पुत्री को गिरफ्तार करने की बात सामने आई है। क्या है पूरा मामला
सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले दिल्ली की खुशी नामक युवती अपने पिता के साथ करनाल पहुंची। उन्होंने शहर की एक प्रसिद्ध ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया। यहां उन्होंने करीब 70 ग्राम सोना बेचा, जो देखने में बिल्कुल असली लग रहा था। ज्वेलर्स भी इस सोने की पहचान नहीं पाए और उसे खरीद लिया। सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह काफी समय से सक्रिय है और अलग-अलग शहरों में नामी ज्वेलरी दुकानों को ही टारगेट करता है। गिरोह के सदस्य अलग-अलग रूप में दुकानों पर पहुंचते थे। कभी पति-पत्नी बनकर, तो कभी बच्चे के साथ परिवार के रूप में जाकर ज्वेलर्स का भरोसा जीतते और नकली सोना बेच देते थे। करनाल में भी इसी तरीके से दो-तीन दुकानों पर यह गिरोह पहुंचा और कुछ जगहों पर सोना बेचने में सफल भी रहा। नामी ज्वेलर्स की शॉप पर भी उन्होंने पहले सोना बेचने और फिर नया सोना खरीदने की बात कहकर सौदा किया। कैसे खुला ठगी का राज कुछ समय बाद शहर में यह चर्चा फैलने लगी कि एक गिरोह नकली सोना बेच रहा है। यह जानकारी मिलते ही ज्वेलर्स को शक हुआ। उन्होंने अपने पास आए सोने की जांच करवाई, जिसमें वह नकली निकला, जो उस लड़की से खरीदा गया था। इसके बाद ज्वेलर्स को अहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है। जिसके बाद ज्वेलर्स ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज से साफ हुई तस्वीर जब शहर में यह अफवाह फैल गई कि नामी ज्वेलर्स नकली सोना बेच रहा है, तो ज्वेलर्स ने अपनी तरफ से सीसीटीवी फुटेज जारी किए। इन फुटेज में साफ देखा गया कि एक युवती और उसके साथ एक व्यक्ति दुकान में सोना बेचने आए थे। सूत्रों के मुताबिक, इसी फुटेज के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि ज्वेलर्स ने कोई गलत काम नहीं किया, बल्कि वह खुद ठगी का शिकार हुआ है। फुटेज में दिख रही युवती को ही इस गिरोह का सरगना बताया जा रहा है, जो पूरे नेटवर्क को ऑपरेट करती थी। पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी ज्वेलर्स ने मामले की शिकायत एसपी करनाल को दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गिरोह को ट्रेस करना शुरू किया। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने दिल्ली से आरोपी लड़की खुशी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि उन्हें रिमांड पर लिया गया है या न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, इस पर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है। शादी से पहले गिरफ्तारी, पिता ने की अपील सूत्रों के हवाले से यह भी सामने आया है कि गिरोह की सरगना खुशी की कुछ ही दिनों में शादी होने वाली है। ऐसे में उसके पिता ने पुलिस से अनुरोध किया है कि बेटी को छोड़ दिया जाए और उसे गिरफ्तार कर लिया जाए। फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। पुलिस इस प्रकरण को लेकर क्या कुछ खुलासा करती है, वह देखने वाली बात होगी।


