कटिहार में एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा कोढ़ा प्रखंड के एनएच-31 पर स्थित बनगढ़ा चौक के पास हुआ।
बिहार के कटिहार में शनिवार को बस ट्रक और पिकअप वैन की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि 25 से ज्यादा लोग जख्मी हैं। स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 25 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसमें कुछ की स्थिति काफी गंभीर है। ऐसे में मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
देवघर से लौट रहे थे श्रद्धालु
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हादसा कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड स्थित एनएच-31 पर बनगढ़ा चौक के पास हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि पूर्णिया के शोभा से 25 लोग देवघर दर्शन के लिए गए थे। बाबा नगरी देवघर में पूजा-अर्चना के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। जब वे कटिहार के गेड़ाबाड़ी के पास पहुंचे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार बस ने पिकअप वैन को टक्कर मार दी, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

नशे में धुत था चालक
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतकों में अधिकांश लोग आदिवासी समुदाय से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग झारखंड से धार्मिक अनुष्ठान पूरा कर अपने घर पूर्णिया लौट रहे थे। आरोप है कि नशे में धुत बस चालक ने तेज रफ्तार में पिकअप वैन को सीधी टक्कर मार दी, जिससे पिकअप में सवार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पूर्व डिप्टी सीएम ने जताया शोक
पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि कटिहार के कोढ़ा प्रखंड स्थित बसगढ़ा चौक के पास एनएच-31 पर हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मौत की खबर अत्यंत दुखद है।
उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं। साथ ही उन्होंने सभी लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की और कहा कि अनावश्यक जल्दबाजी से बचना चाहिए, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकती है।




10 लोग गम्भीर रूप से घायल।