नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में शनिवार को एक वारंटी आरोपी पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से भाग निकला। इस घटना के बाद से पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। ठेमी थाना पुलिस ने आरोपी वाल्मीकि चौधरी को मारपीट और पुराने विवाद के एक मामले में जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर पकड़ा था। पुलिस जब उसे गोटेगांव सिविल कोर्ट में पेश करने ले गई, तो वह मौका पाकर वहां से फरार हो गया। आरोपी के भागते ही कोर्ट परिसर और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी की तलाश में जुटी टीमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि आरोपी की दिमागी हालत ठीक नहीं है और उसकी हरकतें असामान्य रही हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। एएसपी ने भरोसा जताया है कि जल्द ही आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


