सिरोही में माली समाज वेलफेयर सोसाइटी ने समाज सुधारक और आधुनिक शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित की। यह कार्यक्रम शहर के महात्मा फुले वाटिका, माली समाज चौराहा पर संपन्न हुआ। माली समाज वेलफेयर सोसाइटी सिरोही के अध्यक्ष ताराराम माली ने बताया कि कार्यक्रम में जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर सहित माली समाज के बंधुओं, शहरवासियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित किए। इसके बाद एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी के उपरांत पास की दलित कच्ची बस्ती के जरूरतमंद बच्चों को पाठ्यपुस्तकें और शिक्षण सामग्री वितरित की गई। प्रवक्ता प्रकाश बी माली ने बताया कि कलेक्टर के हाथों गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षण सामग्री (बैग, कॉपियां, स्लेट पेन और स्टेशनरी) प्रदान की गई, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कलेक्टर तोमर ने कहा कि महात्मा फुले ने ऐसे समय में शिक्षा की अलख जगाई जब समाज में असमानता चरम पर थी। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा ही वह एकमात्र अस्त्र है जिससे समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति का उत्थान संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम केवल भाषणों तक सीमित न रहकर सेवा और शिक्षा के प्रचार में कार्य करने का संकल्प लिया जाए। कार्यक्रम के अतिथियों और वक्ताओं ने बालिका शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया। समाज के सभी वर्गों ने महात्मा फुले के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर माली समाज सेवा संस्थान के अध्यक्ष हीरालाल माली, माली समाज वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष ताराराम माली, पूरी बाई पुनमाजी चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष रघुभाई माली और जयंतीलाल माली ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश कार्यकारणी सदस्य, तहसीलदार जगदीश विश्नोई, भूबाराम माली, पूर्व अध्यक्ष, एडवोकेट प्रकाश माली, सदस्य बाल कल्याण समिति छोगाराम माली, अध्यक्ष, टेकरी ट्रस्ट, सुंदर माली, पूर्व पार्षद, मगनलाल माली, शांतिलाल सुन्देशा, छगनलाल माली, भरत माली, अध्यक्ष व्यापार मंडल, जयंतीलाल डी माली भंवरलाल माली, दिनेश माली, खेताराम माली, शांतिलाल सोलंकी, अम्बालाल माली, अमराराम माली, खुशवंत माली, रामलाल मेघवाल, देवेंद्र डांगी, मकसूद अली आदि ने कार्यक्रम में भाग लिया।


