दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सेशन 2026-27 से UG और PG कोर्स में सीट बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस पर सहमति बनी। बढ़ी हुई सीटों पर एडमिशन सेल्फ फाइनेंस मोड से होगा और प्रस्ताव को मंजूरी के लिए एडमिशन कमेटी में भेज दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार BA में 30% और MA के सभी विषयों में 25% सीट बढ़ाई जाएंगी। वहीं बीएससी, एमएससी और एमकॉम कोर्स में 20% सीट बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले से ज्यादा स्टूडेंट्स को एडमिशन का मौका मिलेगा। एडमिशन शुरू होने से पहले लिया गया अहम निर्णय
अप्रैल में एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने वाली है, ऐसे में यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है। हर साल बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स आवेदन करते हैं, लेकिन सीमित सीटों के कारण सिर्फ 12 से 15% अभ्यर्थियों को ही एडमिशन मिल पाता है। सीट बढ़ने से अब ज्यादा स्टूडेंट्स को अवसर मिलेगा। सीट बढ़ने के साथ पढ़ाई की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोर्स के अनुसार टीचर्स की टेम्पररी भर्ती भी की जाएगी, ताकि स्टूडेंट्स की पढ़ाई प्रभावित न हो। MSc के कई विषयों में अब 60 सीटें
सेल्फ फाइनेंस मोड से चल रहे MSc के कई विषयों में सीट बढ़ाकर 60-60 कर दी गई हैं। पहले बायोटेक्नोलॉजी में 22, एनवायरनमेंटल साइंस में 50, इलेक्ट्रॉनिक्स में 18 और माइक्रोबायोलॉजी में 24 सीटों पर एडमिशन होता था, लेकिन अब नए सेशन से सभी में 60 सीटों पर एडमिशन लिया जाएगा। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि प्रस्ताव एडमिशन कमेटी को भेजा गया है और जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। मंजूरी मिलते ही एडमिशन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिससे ज्यादा स्टूडेंट्स को विश्वविद्यालय में पढ़ाई का मौका मिलेगा।


