चूरू में चार दिवसीय सैन जयंती समारोह का आगाज शनिवार सुबह सैन प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता से हुआ। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला कैप्टन इलेवन ने कालोया इलेवन को 93 रनों से हराकर जीत लिया। इस मैच में दीपक खीची ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 37 रन बनाए। सेठानी जोहड़ खेल मैदान में खेले गए इस मुकाबले में कालोया इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कैप्टन इलेवन की ओर से ऋषभ और सूर्यकांत वर्मा ने पारी की शुरुआत की। ऋषभ दूसरे ओवर में आउट हो गए। इसके बाद आशीष खीची ने संभलकर खेलते हुए 23 रन बनाए और कैच आउट हो गए। दीपक खीची ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पांच छक्कों की मदद से 37 रनों की पारी खेली। टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज सूर्यकांत वर्मा ने अंत तक खेलते हुए 34 रन बनाए। इस तरह कैप्टन इलेवन ने निर्धारित 12 ओवर में 159 रन का स्कोर खड़ा किया। 160 रनों के विजयी लक्ष्य का पीछा करते हुए कालोया इलेवन की टीम 67 रनों पर सिमट गई। कैप्टन इलेवन की ओर से आशीष, घनश्याम, रौनक और वेदप्रकाश ने शानदार गेंदबाजी की, जिससे टीम को 93 रनों से जीत मिली। सैन प्रीमियर लीग के तहत शनिवार को कुल तीन मुकाबले खेले गए, जिनमें कैप्टन इलेवन, सैन बॉयज और रक्षक इलेवन विजेता रहीं। चूरू सैन सेवा समिति अध्यक्ष जगदीश अजाड़ीवाल ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष जगदीश अजाड़ीवाल, कार्यक्रम संयोजक कमल भाटी, सह संयोजक आशीष खीची, पूर्व सैन सेवा समिति अध्यक्ष राजेश रक्षक, कपिल भाटी, श्यामसुंदर नरड़िया, कपिल रक्षक, रमेश खीची, देवीदत्त खीची, सुनील अजाड़ीवाल, बाबू पंवार, महावीर प्रसाद बशीर, गणेश अजमेरिया, अशोक तंवर, रामकिशन भाटी सहित समाज के अनेक युवाओं ने भागीदारी निभाई।


