बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र स्थित खजुरिया जुल्फिकार गांव में हैंडपंप में उतरे बिजली के करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने इसे लापरवाही का मामला बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी राज मिस्त्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के खजुरिया जुल्फिकार गांव के निवासी 31 वर्षीय सत्यपाल मजदूरी का काम करते थे। उनकी पत्नी रीता देवी के अनुसार, सत्यपाल गांव के ही तस्लीम खान के यहां काम कर रहे थे। रीता देवी ने बताया कि 8 अप्रैल 2026 को काम के दौरान सत्यपाल जब पानी पीने गए, तो हैंडपंप में करंट उतर रहा था। उन्होंने इसकी शिकायत मौके पर मौजूद कुंवरसेन और राहुल के सामने तस्लीम खान से की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद तस्लीम खान ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और कहा कि “कल तक ठीक हो जाएगा।” शुक्रवार दोपहर को सत्यपाल को बताया गया कि हैंडपंप ठीक कर दिया गया है। दोपहर के समय सत्यपाल दोबारा हैंडपंप पर पानी पीने पहुंचे। इस दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पत्नी रीता देवी ने इज्जतनगर थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हादसा तस्लीम खान की घोर लापरवाही का परिणाम है। पुलिस ने आरोपी तस्लीम के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


