सिद्धार्थनगर के झंडेनगर में एक शादी समारोह के दौरान एक युवक ने खुलेआम पिस्टल लहराई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में जयमाल मंच पर एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर फिल्मी अंदाज में डांस करता दिख रहा है। वह पिस्टल को हवा में लहरा रहा है और आसपास मौजूद लोगों को दिखा रहा है। वीडियो में युवक को पिस्टल लोड करते हुए भी देखा जा सकता है। इस दौरान मंच पर अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने उसे रोकने का प्रयास नहीं किया। शादी समारोह में बड़ी संख्या में मेहमान मौजूद थे। युवक का यह कृत्य वहां उपस्थित लोगों के लिए संभावित खतरा बन सकता था। हालांकि, इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लोग इस बात पर नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं कि भीड़भाड़ वाले आयोजन में हथियार कैसे पहुंचा और सुरक्षा के क्या इंतजाम थे। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कोतवाली सिद्धार्थनगर के प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। इसकी गहनता से जांच की जा रही है। वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम वीडियो की जांच के साथ-साथ युवक की तलाश में जुटी हुई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक का नाम अभिषेक राव है जो झंडेनगर का रहने वाला है। सोशल अकाउंट पर भीम आर्मी लिखा हुआ पोस्ट है। लखनऊ में भी कुछ समय पहले भीम आर्मी के समर्थन में धरना प्रदर्शन करने पहुंचा था।


