Summer Travel 2026 : दुनिया की ये 3 इकलौती चीजें देखनी हैं तो कर लें मणिपुर का ट्रिप प्लान

Summer Travel 2026 : दुनिया की ये 3 इकलौती चीजें देखनी हैं तो कर लें मणिपुर का ट्रिप प्लान

Best Offbeat Travel Destinations: गर्मियों की छुट्टियां आते ही लोग किसी ठंडी और सुकून वाली जगह पर दोस्तों या परिवार के साथ घूमने जाना चाहते हैं। ऐसे में सबसे पहला ख्याल शिमला या मनाली का आता है, लेकिन वहां होने वाली भीड़ की वजह से या तो टिकट नहीं मिलता या फिर होटल के दाम इतने महंगे होते हैं कि लोग जाने से परहेज करते हैं। ऐसे में अगर आप भी इस समर वेकेशन गर्मी से दूर किसी ठंडी और बजट वाली जगह पर जाना चाहते हैं, तो हमारा आज का यह लेख आपके काम आ सकता हैं।

आज के इस लेख में हम एक ऐसी जगह के बारे में बताने जा रहे हैं जहां आपको चिलचिलाती गर्मी से राहत तो मिलेगी ही, साथ ही आपको कुछ ऐसा देखने को मिलेगा जो आपने पहले कभी नहीं देखा होगा। इस जगह को पूर्व का स्विट्जरलैंड भी कहा जाता है। आइए जानते हैं इस जगह के बारे में विस्तार से।

दुनिया का इकलौता तैरता हुआ नेशनल पार्क

आज के इस लेख में हम जिस जगह की बात कर रहे हैं वह कोई और नहीं बल्कि मणिपुर है। मणिपुर अपनी ठंडी हवाओं और हरियाली के साथ-साथ अपनी प्रसिद्ध लोकटक झील के लिए जाना जाता है। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में स्थित यह झील पूर्वोत्तर भारत की सबसे बड़ी मीठे पानी की झील है। यह अपनी तैरती हुई वनस्पतियों, जिन्हें स्थानीय भाषा में फुमदी कहते हैं, और विश्व के एकमात्र तैरते हुए केबुल लामजाओ नेशनल पार्क के लिए फेमस है।

यहां महिलाएं चलाती हैं बाजार

मणिपुर के इंफाल शहर के बीचों-बीच एक बहुत ही खास जगह है जिसे इमा कैथल (Ima Keithel) कहते हैं। इसे मदर्स मार्केट या नूपी कैथल भी कहा जाता है। इस मार्केट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां हजारों की संख्या में सिर्फ महिलाएं ही दुकानें लगाती हैं। यह दुनिया का सबसे बड़ा ऑल-वूमेन मार्केट है, जहां पीढ़ियों से महिलाएं ही पूरा व्यापार संभाल रही हैं।

कुदरत के नायाब तोहफे

अगर आप प्रकृति और वन्यजीव प्रेमी हैं, तो मणिपुर का यह ट्रिप आपके लिए और भी यादगार हो सकता हैं क्योंकि यहां आपको सांगई नाम का दुर्लभ हिरण दिखेगा, जो पूरी दुनिया में सिर्फ यहीं मिलता है। इसके अलावा, अगर आप शिरुई की पहाड़ियों (Shirui Hills) पर जाते हैं, तो वहां आपको शिरुई लिली का फूल देखने को मिलेगा। इस फूल की खासियत यह है कि यह पूरी दुनिया में सिर्फ मणिपुर की मिट्टी में ही खिलता है। कुदरत के इस अनोखे तोहफे को देखने लोग दूर-दूर से आते हैं।

मणिपुर कैसे पहुंचें?

यहां पहुंचने के लिए आप दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंफाल के लिए सीधी फ्लाइट ले सकते हैं, जिससे आप लगभग 3 से 4 घंटे में यहां पहुंच जाएंगे। इसके अलावा, अगर आप यहां ट्रेन से जाना चाहते हैं, तो आपको दिल्ली से गुवाहाटी के लिए ट्रेन लेनी होगी और वहां से बस या टैक्सी के जरिए इंफाल पहुंच सकते हैं। वहीं, रोड ट्रिप के शौकीन लोग गुवाहाटी से सड़क मार्ग का चुनाव भी कर सकते हैं, जहां रास्ते के सुंदर पहाड़ी नजारे आपकी ट्रिप को और भी यादगार बना देंगे।

इन बातों का रखें ध्यान

मणिपुर घूमने के लिए भारत के दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को इनर लाइन परमिट (ILP) लेना होता है। यह परमिट आप मणिपुर सरकार के पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन बनवा सकते हैं या फिर इंफाल एयरपोर्ट पहुंचने पर वहां के काउंटर से भी ले सकते हैं। इसके लिए आपको बस एक पासपोर्ट साइज फोटो और अपना कोई भी पहचान पत्र चाहिए होगा। इसके अलावा ध्यान दें, यहां घूमने के लिए मार्च से जून का समय सबसे अच्छा रहता है। इसके साथ ही, यहां सूरज जल्दी निकलता है और शाम को बाजार जल्दी बंद हो जाते हैं, इसलिए अपनी प्लानिंग सुबह जल्दी शुरू करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *