पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई दिन हुई बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। इससे बैशाख के महीने में गर्मी के बजाय सर्दी का एहसास हो रहा है। शुक्रवार को जिले का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस रहा था। ऐसे में सुबह और रात के वक्त गुनगुनी ठंड महसूस की जा रही है। एसी और कूलर बंद हुए मौसम में बदलाव के चलते तापमान में आई गिरावट से लोगों की दिनचर्या बदल गई है। रात के समय एसी और कूलर बंद हो गए हैं और लोग चादर ओढ़कर सोने पर मजबूर हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक हीट वेव की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहेगा। आगामी दो सप्ताह में तापमान में 2-3 डिग्री की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के संकेत हैं।


