शिवपुरी में पुलिस सड़कों पर उतरी:टीआई रोहित दुबे ने किया फ्लैग मार्च, संदिग्धों से हुई पूछताछ

शिवपुरी में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार रात कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में पुलिस बल सड़कों पर उतरा। पुलिस ने बस स्टैंड से माधव चौक तक पैदल फ्लैग मार्च निकाला और सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। इस दौरान थाना प्रभारी दुबे ने पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील क्षेत्रों का रात्रि भ्रमण किया। पोहरी बस स्टैंड, फतेहपुर चौराहा, सराफा बाजार और माधव चौक सहित प्रमुख स्थानों पर गहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने विशेष रूप से बस स्टैंड क्षेत्र में गहन पड़ताल की। इस इलाके में देर रात असामाजिक तत्वों और शराबियों के जमावड़े की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। अभियान के दौरान बेवजह घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई और उनकी संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई। इसके बाद थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ माधव चौक और अन्य बाजार क्षेत्रों में भी पैदल भ्रमण किया। पुलिस वाहनों के सायरन और भारी पुलिस बल की मौजूदगी से शहर में सुरक्षा का माहौल बना, वहीं असामाजिक तत्वों में भय का संचार हुआ। थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *